हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरा, 5 मजदूरों की मौत

Update: 2026-05-29 04:58 GMT



 हमीरपुर में बेतवा नदी पर बन रहे निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिर गया। हादसा इतना भयानक था कि कई मजदूरों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। घटना के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई। तेज आंधी और बारिश के बीच स्थानीय लोग सबसे पहले मौके पर पहुंचे और मलबा हटाने की कोशिश शुरू की। थोड़ी देर बाद पुलिस, प्रशासन और SDRF की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच गईं। हादसे में 5 मजदूरों की मौत हो गई। कई मजदूरों के अभी भी दबे होने की आशंका है।

फिलहाल, मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। JCB से मलबा हटाया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज आंधी और बारिश के चलते स्लैब गिरा, जिससे नीचे काम कर रहे मजदूर दब गए। वहीं मुख्यमंत्री ने हमीरपुर की दुखद घटना का संज्ञान लेते हुए प्रशासन को निर्देश दिया कि दुर्घटना स्थल पर तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा जाए । उन्होंने SDRF के साथ समन्वय स्थापित करते हुए राहत और बचाव कार्यों को और अधिक तेज़ करने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा कि घायलों को उचित चिकित्सा और मृतकों के परिवारों से सीधे संपर्क स्थापित कर हर संभव सहायता प्रदान की जाए।

Similar News