उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज गोंडा जिले के दौरे पर रहेंगे, जहां वे जनकल्याण और विकास से जुड़ी 516 करोड़ रुपये की 262 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। माँ बाराही देवी धाम की पावन धरती पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री क्षेत्र को बड़ी विकास सौगात देंगे। इन परियोजनाओं में संपर्क मार्गों का निर्माण और सुदृढ़ीकरण, विद्यालयों का विकास, प्रशासनिक एवं आवासीय भवनों का निर्माण समेत कई जनहितकारी कार्य शामिल हैं।
सरकार का दावा है कि इन योजनाओं से जिले की आधारभूत संरचना मजबूत होगी और शिक्षा, रोजगार तथा जनसुविधाओं के नए अवसर सृजित होंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि ये परियोजनाएं गोंडा के विकास को नई दिशा देंगी और क्षेत्र की प्रगति एवं समृद्धि को और गति प्रदान करेंगी। प्रदेश सरकार के अनुसार, गोंडा को आत्मनिर्भर और विकसित जनपद बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और यह विकास पैकेज उसी संकल्प का हिस्सा है।