मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में खेलों को नई दिशा देने के लिए लिगेसी प्लान पर तेज़ी से काम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मुख्य सचिव को खेल अधोसंरचना के स्थायी और प्रभावी उपयोग की कार्ययोजना शीघ्र तैयार करने को कहा है, ताकि राज्य के खिलाड़ियों को निरंतर प्रशिक्षण और सुविधाएं मिलती रहें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेल उत्तराखंड की खेल यात्रा में ऐतिहासिक मोड़ साबित हुए हैं। उन्होंने बताया कि लिगेसी प्लान के तहत राष्ट्रीय खेलों के लिए तैयार की गई अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं अब प्रशिक्षण केंद्र के रूप में उपयोग होंगी। देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज और हल्द्वानी के इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को आधुनिक सुविधाओं से युक्त किया गया है। इसके अलावा राज्य के आठ शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित की जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को आज खेल भूमि के रूप में देखा जा रहा है, जो पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है। सरकार मैदानों से लेकर पहाड़ों तक खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए प्रतिबद्ध है।