उत्तर-पूर्व से लेकर उत्तर भारत तक शीतलहर का प्रकोप, कोहरे ने बढ़ाई मुश्किलें
उत्तर पूर्व भारत में कड़ाके की ठंड, कोहरे और शीतलहर का दौर जारी है। जम्मू कश्मीर और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में कल हुई हल्की बर्फबारी का मैदानी इलाकों में असर दिख रहा है। बर्फीली हवा ने ठिठुरन बढ़ा दी है साथ ही सुबह दृश्यता कम होने से सड़क और रेल यातायात भी प्रभावित है। भीषण सर्दी और शीतलहर के कारण कई राज्यों में स्कूलों में छुट्टियां कर दी गईं हैं। झारखंड में 12वीं तक के स्कूलों की 8 जनवरी तक छुट्टी घोषित कर दी गई है, त्रिपुरा में कक्षा 6 से 12 तक के स्कूल 10 जनवरी तक के लिए बंद कर दिए गए हैं। वहीं, राजस्थान में 20 जिलों में अलग-अलग समय के लिए 12 जनवरी तक स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक उत्तर पश्चिम, मध्य, पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत में दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, ओडिशा, असम, मेघालय में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। वहीं, पूर्वी-पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों, उप हिमालयी प. बंगाल, मध्य प्रदेश, बिहार में दिन ठंडे रहने की संभावना है, जबकि अगले कुछ दिनों तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ के कुछ इलाकों, पूर्वी-पश्चिमी राजस्थान, छत्तीसगढ़, झारखंड और राजस्थान में शीतलहर की संभावना है। वहीं, कुछ दिनों तक न्यूनतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है।