वैशाली में मुख्यमंत्री ने बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय सह स्मृति स्तूप का किया उद्घाटन

Update: 2026-04-04 07:44 GMT




माननीय मुख्यमंत्री ने आज बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय सह स्मृति स्तूप से प्राचीन धातु स्तूप तक जाने वाले रास्ते का फीता काटकर भव्य उद्घाटन किया। उन्होंने संग्रहालय परिसर में स्थापित शिलापट्टों पर अंकित बौद्ध प्रतीकों और उनके उपदेशों का अवलोकन किया और स्मृति स्तूप के भूतल पर भगवान बुद्ध की पूजा-अर्चना कर राज्य में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वैशाली ऐतिहासिक और पौराणिक दृष्टि से महत्वपूर्ण भूमि है। बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय का निर्माण अत्यंत सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल ढंग से किया गया है, जिससे यहां आने वाले पर्यटक सुखद अनुभव प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि यह स्थल न केवल वैशाली को वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठित करेगा, बल्कि पर्यटन, संस्कृति और रोजगार को भी बढ़ावा देगा।

माननीय मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा भगवान बुद्ध से जुड़े सभी स्थलों का विकास कराया गया है और बौद्ध पर्यटन स्थलों को एक सर्किट के रूप में जोड़ा गया है। इस सर्किट के तहत पर्यटक राजगीर, पटना, वैशाली, केसरिया स्तूप और पश्चिमी चंपारण होते हुए कुशीनगर तक की यात्रा कर सकते हैं।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विधायक श्री सिद्धार्थ पटेल, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सचिव श्री अनुपम कुमार, भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि, कला-संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार, तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त श्री गिरिवर दयाल सिंह, जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री विक्रम सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

यह उद्घाटन वैशाली को बौद्ध पर्यटन और सांस्कृतिक धरोहर के केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Similar News