पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत रुद्रप्रयाग जिले में व्यापक स्तर पर चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर के निर्देशन में गत दिवस शाम और आज सुबह 5 बजे से 9 बजे तक संचालित किया गया।
जनपद की सभी कोतवाली क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने विभिन्न स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन तलाशी ली। इस दौरान मोटर वाहन अधिनियम के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई करते हुए ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट और आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में कई चालान किए गए। अभियान के दौरान अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर भी शिकंजा कसते हुए संदिग्धों की धरपकड़ की गई और बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, बरामदगी का विस्तृत विवरण अलग से साझा किया जाएगा। आगामी यात्रा सीजन को देखते हुए बाहरी व्यक्तियों की बढ़ती आवाजाही पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस के अनुसार “ऑपरेशन प्रहार” का उद्देश्य आम जनता में सुरक्षा और विश्वास का माहौल बनाना और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।