केन्द्रीय मंत्री श्री शाह से मुलाकात में नक्सल उन्मूलन और कानून व्यवस्था पर हुई चर्चा

Update: 2026-05-15 05:07 GMT



 भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरूवार को नई दिल्ली में केंद्र सरकार के कई वरिष्ठ मंत्रियों से मुलाकात कर प्रदेश से जुड़े महत्वपूर्ण विकास कार्यों, आधारभूत संरचना, धार्मिक पर्यटन, कृषि, सिंचाई, शहरी विकास और कानून व्यवस्था जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव की इन बैठकों को मध्यप्रदेश के विकास एजेंडे और आगामी सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के मद्देनजर बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर मध्यप्रदेश में नक्सल उन्मूलन अभियान की जानकारी दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विशेष रूप से डिंडोरी और बालाघाट क्षेत्रों में सुरक्षा बलों और प्रशासन द्वारा किए जा रहे विकास एवं शांति प्रयासों का उल्लेख किया। बैठक में नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा तकनीक आधारित पुलिसिंग पर भी चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री श्री शाह को बालाघाट दौरे का निमंत्रण भी दिया। केन्द्रीय गृह मंत्री श्री शाह ने प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कानून-व्यवस्था और विकास के क्षेत्र में राज्य की पहल को सकारात्मक बताया।

Similar News