कुल्लू की सरवरी एमआरएफ साइट पर एनजीटी की रोक, निरीक्षण के लिए पहुंची कमेटी

Update: 2026-05-16 08:48 GMT


जिला कुल्लू के सरवरी क्षेत्र में जिला प्रशासन द्वारा स्थापित एमआरएफ साइट (मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) के निर्माण पर अब नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने रोक लगा दी है। शनिवार को एनजीटी द्वारा गठित कमेटी के अधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल भी मौके पर पहुंचा और स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुना। इस दौरान जिला प्रशासन और नगर परिषद कुल्लू के अधिकारी भी मौजूद रहे। नगर परिषद कुल्लू द्वारा शहर के कूड़े के निष्पादन के लिए सरवरी में एमआरएफ साइट स्थापित की गई है। हालांकि लंबे समय से स्थानीय लोग इस साइट को हटाने की मांग कर रहे थे। लोगों का कहना था कि शहर के बीचों-बीच स्थित इस साइट के कारण गंदगी और दुर्गंध से उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन प्रशासन द्वारा वैकल्पिक स्थान न होने की बात कहकर साइट को स्थानांतरित नहीं किया जा रहा था।

इसी के चलते नगर परिषद कुल्लू के वार्ड नंबर-3 के लोगों ने एनजीटी में जनहित याचिका दायर की। याचिका में मांग की गई कि एमआरएफ साइट को तत्काल यहां से हटाया जाए। जनहित याचिका पर सुनवाई के बाद एनजीटी ने साइट के निर्माण कार्य पर स्टे लगा दिया और मामले की जांच के लिए एक कमेटी गठित कर मौके पर भेजा। स्थानीय निवासी संजय कपूर ने बताया कि कई बार प्रशासन से आग्रह करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ, जिसके बाद लोगों को मजबूर होकर एनजीटी का दरवाजा खटखटाना पड़ा। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने कमेटी को बताया कि साइट शहर के बीच में होने के कारण पूरे क्षेत्र के लोग प्रभावित हो रहे हैं। लोगों ने मांग की कि एमआरएफ साइट को शहर से बाहर किसी उपयुक्त स्थान पर स्थापित किया जाए ताकि लोगों को कूड़े और गंदगी से जुड़ी समस्याओं से राहत मिल सके।

Similar News