सिवान में ईद-उल-अजहा को लेकर शांति समिति बैठक, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के निर्देश

Update: 2026-05-26 04:39 GMT



आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को समाहरणालय सभागार में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय एवं पुलिस अधीक्षक ने की।

बैठक में प्रशासन की ओर से पर्व के दौरान जिले में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा विशेष निगरानी रखी जाएगी।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर 24 घंटे सतत निगरानी रखी जाएगी। अफवाह फैलाने अथवा आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इसके साथ ही नगर परिषद को पर्व के दौरान साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने भी अपने सुझाव प्रस्तुत किए और सभी से पर्व को पारंपरिक, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई।

Similar News