प्रयागराज: डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सपा पर बोला हमला, सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
प्रयागराज पहुंचे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2024 के बाद राजनीतिक हालात बदल चुके हैं और कई राज्यों में भाजपा की जीत हुई है। उन्होंने दावा किया कि अब सपा की स्थिति कमजोर है और यूपी में सत्ता वापसी आसान नहीं है। विश्व पर्यावरण दिवस और सीएम योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन पर शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।
डिप्टी सीएम ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनता को सभी योजनाओं का लाभ देना और कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे यह सुनिश्चित करना है। पेपर लीक मामले पर उन्होंने कहा कि गलत करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी, लेकिन युवाओं को निराश नहीं होना चाहिए। सरकार महिला सशक्तिकरण और किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। पीएम मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल पर उन्होंने कहा कि देश में विकास कार्य तेज गति से चल रहे हैं और जनता का समर्थन लगातार मिल रहा है।