नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफियू रियो ने असम-नागालैंड तेल संचालन समझौते को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया

Update: 2026-06-12 07:35 GMT


नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफियू रियो ने असम-नागालैंड सीमावर्ती क्षेत्रों में खनिज तेल संचालन के लिए त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर को एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है। केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए श्री रियो ने कहा कि पूर्वोत्तर में शांति, स्थिरता और विकास के प्रति केन्‍द्र की प्रतिबद्धता ने इस समझौते को संभव बनाया है।

उन्होंने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और असम सरकार को उनके सहयोग और सद्भावना के लिए धन्यवाद दिया। श्री रियो ने कहा कि यह समझौता ज्ञापन नागालैंड और असम के बीच संबंधों की परिपक्वता और क्षेत्रीय विकास के प्रति साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि दशकों से अनसुलझे सीमा मुद्दों ने संसाधन विकास में बाधा डाली है, लेकिन इस समझौते से वर्तमान और भविष्य दोनों पीढ़ियों को लाभ होगा।

श्री रियो ने कहा कि यह समझौता असम-नागालैंड सीमा पर आर्थिक क्षमता को उजागर करेगा, जिससे आर्थिक गतिविधि, संसाधन प्रबंधन, अंतर-राज्यीय सहयोग में वृद्धि होगी और लोगों के लिए नए अवसर पैदा होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समझौता ज्ञापन दोनों राज्यों के बीच भाईचारे, सहयोग और साझा समृद्धि के एक नए युग की शुरुआत है।

Similar News