मेरठ में लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। किसी भी तरह की दुर्घटना को रोकने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों और दमकल विभाग ने संयुक्त रूप से कोचिंग सेंटरों में चेकिंग अभियान चलाया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने शहर के विभिन्न कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं, अग्निशमन यंत्रों और आपातकालीन निकासी व्यवस्था की गहन जांच की गई।
नियमों के विरुद्ध संचालित कुछ कोचिंग सेंटर संचालकों को कड़ी फटकार भी लगाई गई और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई। निरीक्षण के दौरान टीम ने मंगल पांडे कोचिंग सेंटर का भी जायजा लिया, जहां भवन स्वामी से सुरक्षा मानकों को लेकर बातचीत की गई। अधिकारियों ने छात्रों से भी संवाद कर आग लगने की स्थिति में बचाव के तरीके समझाए। सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने के बाद टीम आगे के निरीक्षण के लिए रवाना हो गई।