कर्नाटक के यादगीर जिले के कदेचुर-बडियाल स्थित एक फार्मास्युटिकल केमिकल निर्माण इकाई में केमिकल रिसाव की घटना में तीन कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान विक्रम सिंह, संजय सिंह और गणेश के रूप में हुई है।
घायल शिवकुमार और हेमंत को रायचूर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
जिला आयुक्त राहुल तुकाराम पांडवे ने कहा कि प्रारंभिक आशंका है कि हादसा सल्फर डाइऑक्साइड गैस या किसी अन्य रसायन के रिसाव के कारण हुआ। मामले की जांच की जा रही है।