प्रशासन ने जल भराव वाले क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित निकाल कर राहत शिविरों में पहुँचाया है । प्रभावित लोगों को जरूरी सामग्री उपलब्ध कराने के साथ-साथ दवाएं भी मुहैया कराई जा रही हैं ।

रायगढ़ जिले के पुसौर विकासखंड में महानदी का जलस्तर बढ़ने के बाद सूरजगढ़ और परसापाली के प्रभावित ग्रामीणों को राहत शिविरों में पहुंचाया गया है। सूरजगढ़ के करीब चार सौ पचास लोगों को पड़ीगांव राहत शिविर में शिफ्ट किया गया है।

बीजापुर जिले में लगातार बारिश और बाढ़ के बीच इंद्रावती नदी पार माड़ क्षेत्र में फंसे पटवारी और सर्वेयर सहित छह कर्मचारियों को एयरलिफ्ट कर सुरक्षित जिला मुख्यालय लाया गया।

वहीं, बलरामपुर जिले में कन्हर नदी के तेज बहाव के बीच टापू पर फंसे एक परिवार के तीन सदस्यों को करीब पांच घंटे चले रेस्क्यू अभियान के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। यह घटना ग्राम कोटरी की है।

बस्तर में इंद्रावती नदी अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है । वहीं गंगरेल बांध के गेट खोले जाने के कारण महानदी और खारुन् नदी का जलस्तर भी बढ़ा हुआ है ।

हालांकि पिछले दो दिनों से बारिश का सिलसिला थमने के बाद अब नदियों का जलस्तर धीरे-धीरे घट रहा है ।