केंद्र सरकार ने प्रदेश के लिए गेहूं खरीद के लक्ष्य को बढ़ाकर 5 लाख कुंतल किया
आयुक्त-सचिव, खाद्य नागरिक आपूर्ति आनन्द स्वरूप ने कहा कि केंद्र सरकार ने गेहूं खरीद के लक्ष्य में वृद्धि करते हुए राज्य के लिए 5 लाख कुंतल कर दिया है। श्री स्वरूप ने कहा कि पूर्व में केंद्र सरकार ने राज्य के लिए गेहूं खरीद का लक्ष्य 10 हजार कुंतल निर्धारित किया था, जिससे किसानों में असंतोष की स्थिति उत्पन्न हो रही थी।
उन्होंने कहा कि केंद्र के फैसले से किसानों की आय में वृद्धि के साथ ही कृषि क्षेत्र को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस वर्ष गेहूं खरीद व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी बनाने के के लिए गढ़वाल सम्भाग में 45 एवं कुमाऊं सम्भाग में 123 सहित कुल 168 राजकीय क्रय केन्द्र संचालित किए जा रहे हैं। श्री आनन्द स्वरूप ने बताया कि वर्तमान तक स्मार्ट पीडीएस पोर्टल पर 1597 कृषकों द्वारा पंजीकरण कराया जा चुका है और 5852 कुन्टल गेहूं की खरीद की जा चुकी है।