महासमुंद जिला पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।
कोमाखान पुलिस को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर एनएच-353 स्थित कोमाखान चौकड़ी के पास घेराबंदी कर एक कार को रोका गया। कार की चेकिंग के दौरान 114 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 57 लाख रुपये है।
पुलिस ने मौके से गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल कार, 3 मोबाइल फोन और 2 लाख रुपये नकद सहित कुल 74 लाख 30 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पकड़े गए तीनों आरोपी- नागराज पारधी, दिनेश माली और सतपाल सिंह महाराष्ट्र के धुले जिले के निवासी हैं। पूछताछ में तस्करों ने बताया कि वे इस गांजे को बालीगुड़ा, ओडिशा से लाकर नारदाना धुले, महाराष्ट्र खपाने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।