मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत देहरादून पुलिस लगातार नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को 511 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, 29 अगस्त 2026 की रात थाना नेहरू कॉलोनी की टीम बाईपास फ्लाईओवर अंडरपास के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। उसके कब्जे से 511 ग्राम चरस बरामद हुई।

आरोपी की पहचान 30 वर्षीय रिहान पुत्र नजम आलम, निवासी देवबंद, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना नेहरू कॉलोनी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह चरस देवबंद, सहारनपुर से देहरादून लाया था और इसे स्थानीय नशे के आदी लोगों को बेचने की फिराक में था। पुलिस के अनुसार, आरोपी का पूर्व में भी मादक पदार्थ तस्करी का मामला सामने आया है और वह दिल्ली में जेल जा चुका है।