भाषा विश्वविद्यालय: सांस्कृतिक महोत्सव ‘सनतकदा’ में पत्रकारिता के विद्यार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण
लखनऊ। ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के विद्यार्थियों ने लखनऊ में आयोजित प्रतिष्ठित SANATKADA Festival का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक वातावरण के बीच आधुनिक मीडिया कौशलों का प्रत्यक्ष एवं व्यवहारिक अनुभव प्राप्त किया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को रील मेकिंग, फोटोग्राफी एवं डिजिटल कंटेंट क्रिएशन का हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण दिया गया। विशेषज्ञों और अनुभवी कंटेंट क्रिएटर्स के मार्गदर्शन में छात्रों ने लाइव लोकेशन पर शूटिंग, फ्रेमिंग, स्टोरीटेलिंग, लाइटिंग तथा सोशल मीडिया के अनुकूल कंटेंट तैयार करने की तकनीकों को सीखा।
महोत्सव की समृद्ध कला, शिल्प, लोक-संस्कृति और विरासत ने विद्यार्थियों को रचनात्मक दृष्टि से प्रेरित किया। विद्यार्थियों ने महोत्सव की गतिविधियों, कारीगरों के कार्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और दर्शकों की सहभागिता को कैमरे में कैद करते हुए समाचार, फीचर और डिजिटल स्टोरी के रूप में प्रस्तुत करने का अभ्यास किया।
यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए कक्षा शिक्षण को व्यवहारिक अनुभव से जोड़ने की दिशा में अत्यंत उपयोगी सिद्ध हुआ। इससे न केवल उनके मीडिया कौशल सुदृढ़ हुए, बल्कि सांस्कृतिक पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में व्यावसायिक समझ भी विकसित हुई। इस अवसर विभाग की प्रभारी डॉ. रुचिता सुजय चौधरी ने बताया कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को कक्षा से बाहर वास्तविक मीडिया वातावरण से जोड़ते हैं। महेंद्र सनतकदा फ़ेस्टिवल जैसे सांस्कृतिक मंच पर हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण से छात्रों में रचनात्मकता, स्टोरीटेलिंग और डिजिटल पत्रकारिता के व्यावहारिक कौशल विकसित होते हैं, जो वर्तमान मीडिया उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप हैं। इस अवसर पर विभाग के शिक्षक डॉ. शचींद्र शेखर, डॉ. विनय, रोमा सहित सभी विद्यार्थी उपस्थित रहे।