बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ की पुरुष फुटबॉल टीम ने सेंट्रल जोन इंटर यूनिवर्सिटी टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने पहले मुकाबले में नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी की टीम को हराकर अगले दौर में प्रवेश कर लिया। टूर्नामेंट का आयोजन छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर में किया जा रहा है।

बीबीएयू की टीम टूर्नामेंट में प्रतिभाग करने के लिए कानपुर रवाना हुई थी। प्रतियोगिता के अंतर्गत खेले गए पहले मुकाबले में विश्वविद्यालय की टीम ने बेहतरीन खेल भावना, सामूहिक प्रयास एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय देते हुए जीत हासिल की। इस जीत के साथ ही टीम ने अगले दौर के लिए अपनी जगह सुनिश्चित कर ली है। अब बीबीएयू की टीम का अगला मुकाबला मेजबान छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर की टीम के साथ होगा।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने टीम की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी खिलाड़ियों एवं कोच को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना एवं आत्मविश्वास को बढ़ावा देती हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि टीम आगामी मुकाबलों में भी इसी उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ बेहतर प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाएगी।

टीम के साथ कोच के रूप में डॉ. रवि शंकर वर्मा उपस्थित रहे, जिनके मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।