बायोटेक्नोलॉजी में करियर के लिए तकनीकी ज्ञान के साथ औद्योगिक अनुभव जरूरी : इंजी. मोहन यादव
झाँसी। बायोटेक्नोलॉजी के क्षेत्र में बेहतर करियर के लिए तकनीकी ज्ञान के साथ औद्योगिक अनुभव और व्यावहारिक कौशल विकसित करना जरूरी है। विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान ही इंटर्नशिप और औद्योगिक प्रशिक्षण के अवसरों का लाभ उठाना चाहिए। यह बात बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के जैव प्रौद्योगिकी विभाग में सोमवार को आयोजित एलुमनाई टॉक में विभाग के पूर्व छात्र एवं आईपीसीए लैब्स लिमिटेड, सिक्किम के उप महाप्रबंधक (गुणवत्ता) इंजी. मोहन यादव ने कही।
वर्ष 2003-2007 बैच के पूर्व छात्र मोहन यादव ने विद्यार्थियों से अपने अनुभव साझा करते हुए फार्मास्युटिकल एवं बायोटेक्नोलॉजी उद्योग में करियर की संभावनाओं, गुणवत्ता नियंत्रण और गुणवत्ता आश्वासन की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को विषय की मूलभूत समझ मजबूत करने, नई तकनीकों को सीखने और कौशल विकास पर ध्यान देने की सलाह दी। साथ ही विभाग के विद्यार्थियों को औद्योगिक भ्रमण, प्रशिक्षण, इंटर्नशिप एवं प्लेसमेंट में सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम का आयोजन पुरातन छात्र प्रकोष्ठ की समन्वयक प्रो. पूनम पुरी, इंजीनियरिंग संकाय के अधिष्ठाता प्रो. एम.एम. सिंह, आईईटी निदेशक प्रो. डी.के. भट्ट एवं ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के समन्वयक इंजी. शशिकांत वर्मा के मार्गदर्शन में हुआ। संचालन एलुमनाई समन्वयक डॉ. बृजेंद्र कश्यप ने किया। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह, डॉ. मुकुल सक्सेना, डॉ. आनंद कुमार पांडेय एवं डॉ. दिनेश द्विवेदी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के ऑनलाइन संचालन में विद्यार्थी कार्तिकेय कुमार एवं सत्यम तिवारी ने सहयोग किया।