दिल्ली के सीएम केजरीवाल ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में जीत के लिए ममता बनर्जी को दी बधाई....
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस के पास सत्ता बरकरार रहने की संभावना के बीच वहां की मुख्मयंत्री ममता बनर्जी को सोमवार को बधाई दी। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की मतगणना में 292 में से 285 सीटों के रुझानोंमें सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस 202 सीटों पर आगे चल रही है जबकि भाजपा 78 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
केजरीवाल ने ट्वीट किया, '' जबर्दस्त जीत के लिए ममता जी को बधाई। क्या मुकाबला है! पश्चिम बंगाल के लोगों को बधाई।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी नंदीग्राम विधानसभा सीट पर चुनाव प्रचार के दौरान एक हादसे में घायल हो गयी थीं इसलिए उन्हें व्हील चेयर पर बैठकर चुनाव प्रचार करना पड़ा। आठ चरणों के लंबे चुनाव प्रचार का सफर उन्होंने व्हील चेयर के सहारे पूरा किया और एक तरह से व्हील चेयर ने ही उन्हें सीएम की चेयर तक पहुँचा दिया।
हालांकि ममता बनर्जी की व्हील चेयर के जवाब में भाजपा ने व्हील चेयर रैली भी निकाली जिसमें अधिकांश उन लोगों ने हिस्सा लिया जोकि कथित रूप से तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की हिंसा के पीड़ित थे।
अराधना मौर्या