आम आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह के खिलाफ FIR दर्ज, बीजेपी विधायक अजय सिंह ने की तत्काल गिरफ्तारी की मांग

Update: 2021-08-11 10:39 GMT



आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह के द्वारा उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह पर लगाए गए भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों को लेकर बस्ती से भाजपा विधायक अजय सिंह ने इस मामले पर एफ आई आर दर्ज करवाई। बता दें कि विधायक अजय सिंह ने आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह पर धोखाधड़ी और मानहानि का आरोप लगाते हुए लखनऊ के हजरतगंज थाने में एफ आई आर दर्ज करवाई।

जानकारी के लिए बता दें कि संजय सिंह के खिलाफ आईपीसी की धारा 417, 465, 469, 501, 505(1) (B) में एफआईआर दर्ज कराई गई है। वहीं मंत्री महेन्द्र सिंह ने भी अपने ऊपर लगे आरोपों को झूठा करार दिया है। उसके बाद फिर एक बार सांसद संजय सिंह ने महेन्द्र सिंह पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए उन्हें कहीं भी इस मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती दी है।

इस दौरान बस्ती बीजेपी विधायक अजय सिंह ने बयान देते हुए कहा कि 8 अगस्त को आप सांसद संजय सिंह ने प्रेस कांफ्रेस कर जल जीवन मिशन में पाइप घोटाले का आरोप लगाया था। जिसमें उन्होंने मेरा नाम भी लिया था। इस मामले में जलशक्ति मंत्री महेन्द्र सिंह ने अपनी बात भी रख दी थी, लेकिन क्योंकि इस मामले में उन्होंने मेरा भी नाम लिया था कि मैंने जलशक्ति विभाग के खिलाफ शिकायत की है। जोकि पूरी तरह से झूठ और बेबुनियाद है।

इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि मैंने सपा शासन काल में बने चेकडैम के खिलाफ शिकायत की थी। जिसकी जांच भी शुरू हुई थी। तब तो जलशक्ति विभाग का गठन भी नहीं हुआ था। संजय सिंह ने फ्राड किया है और फर्जी तरीके से मेरा नाम लेकर फर्जी दस्तावेज दिखाए हैं। संजय सिंह ने मेरी मानहानि की है। जब चुनाव आता है तो ये सरकार के खिलाफ बरसाती मेंढक की तरह निकल आते हैं। यूपी में इन फर्जी दस्तावेजों के आधार पर वो अपनी जमीन तलाशने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी मांग है कि संजय सिंह की तत्काल गिरफ्तारी की जाये।

नेहा शाह

Similar News