राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बिहार में महागठबंधन को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन पूरी मजबूती के साथ एकजुट है। आगामी विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पद का चेहरा तेजस्वी यादव होंगे, जबकि मुकेश साहनी को उपमुख्यमंत्री बनाया जाएगा। इसके अलावा, किसी अन्य वर्ग से भी एक उपमुख्यमंत्री का चयन चुनाव के बाद किया जाएगा।
गहलोत ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस का उपमुख्यमंत्री चेहरा होना कोई मुद्दा नहीं है, क्योंकि महागठबंधन में सबसे अहम चेहरा तेजस्वी यादव हैं।
उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी का चेहरा नरेंद्र मोदी के सामने होना आवश्यक नहीं है, लेकिन भाजपा और आरएसएस इस मुद्दे को षड्यंत्र के तहत बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि महागठबंधन के घटक दलों में मतभेद की खबरें मीडिया में जानबूझकर फैलाई जा रही हैं, जबकि सिर्फ पांच सीटों पर ही घटक दल आमने-सामने हैं।
गहलोत ने भाजपा पर आरोप लगाया कि धर्म के नाम पर राजनीति करना उसकी पुरानी आदत है, लेकिन अब जनता भाजपा की असलियत समझ चुकी है।