चंदौली में माले की भूख हड़ताल 50 घंटे पूरे होने पर क्रमिक अनशन में बदली
लखनऊ, 16 मई। भाकपा (माले) का एक जांच दल सिद्धार्थनगर में अल्पसंख्यक समुदाय की महिला (रोशनी पत्नी अकबर अली) की पुलिस की गोली से हुई मौत मामले की पड़ताल के लिए आज घटनास्थल (सदर थानाक्षेत्र अंतर्गत कोडरा ग्रांट गांव के इस्लाम नगर) को रवाना हो गया।
माले के राज्य सचिव सुधाकर यादव द्वारा गठित चार सदस्यीय जांच दल का नेतृत्व पार्टी की राज्य स्थायी समिति (स्टैंडिंग कमेटी) के सदस्य राजेश साहनी (गोरखपुर) कर रहे हैं। दल के अन्य सदस्यों में राज्य कमेटी सदस्य रामलौट, रेणुबाला (बस्ती) व डॉ. शकूर आलम (सिद्धार्थनगर) शामिल हैं।
जांच दल पीड़ित परिवार से मिलेगा और घटना से जुड़े तथ्यों को एकत्र कर अपनी जांच रिपोर्ट तैयार करेगा।
राज्य सचिव ने जांच दल भेजने के साथ कहा कि डीजीपी बदलने से पुलिस की कार्यप्रणाली में कोई फर्क नहीं आया है। वह संगठित हत्यारे गिरोह की तरह व्यवहार कर रही है और निर्दोष नागरिकों खासकर महिलाओं का हत्या अभियान चला रही है। दो सप्ताह के भीतर चंदौली, फिरोजाबाद और सिद्धार्थनगर में तीन महिलाओं की यूपी पुलिस ने हत्या की है।
चंदौली में भूख हड़ताल जारी
इस बीच, चंदौली के मनराजपुर हत्याकांड में निशा यादव के हत्यारे पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग के लिए शनिवार को जिला मुख्यालय पर शुरु हुई 50 घंटे की भूख हड़ताल आज समय पूरा होने के बाद खत्म होने के बजाय क्रमिक अनशन में बदल गई।
जिला प्रशासन के अधिकारियों से वार्ता का ठोस नतीजा नहीं निकलने के कारण 'निशा यादव को न्याय दो मंच' ने आंदोलन जारी रखते हुए उसे तेज करने का निर्णय लिया। आज 50 घंटे पूरे होने पर माले के राज्य सचिव सुधाकर व पांच अन्य साथियों ने अपनी भूख हड़ताल समाप्त की। उनकी जगह क्रमिक अनशन पर मंच के अन्य नेता बैठ गए।