असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं गौरव गोगोई, भूपेश बघेल और जितेंद्र सिंह अलवर के खिलाफ 500 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग करते हुए दीवानी और आपराधिक मानहानि के मुकदमे दायर किए हैं।
हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि वह राजनीतिक दबाव या सार्वजनिक हमलों से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि हिट एंड रन राजनीति का दौर खत्म हो चुका है। अगर उनमें हिम्मत है या उनके पास सबूत हैं, तो वे अपने आरोप अदालत में साबित करें। 4 फरवरी को एक जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में, असम कांग्रेस के अध्यक्ष गोगोई ने सीएम सरमा और उनके परिवार पर राज्य में 12000 बीघे जमीन पर कब्जे का आरोप लगाया था।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेतृत्व पर बदनाम करने और राजनीतिक नाटक करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह हमला गांधी परिवार के इशारे पर किया गया।
दरअसल कुछ दिन पहले कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मौजूदगी में 'WhoIsHBS.com' नामक डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च किया। गौरव गोगोई ने कहा था कि यह पोर्टल मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के राजनीतिक सफर और उनकी शासन शैली की जांच-परख के उद्देश्य से बनाया गया है।
उन्होंने दावा किया कि इसमें मुख्यमंत्री के सार्वजनिक जीवन से जुड़े दस्तावेज, वीडियो और अन्य सामग्री शामिल हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि इस पहल का मकसद असम की जनता के सामने तथ्य रखना और जवाबदेही को बढ़ावा देना है। भूपेश बघेल ने भी गौरव गोगोई की बातों के समर्थन में बयान दिया था।