उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की तबीयत एक बार फिर बिगड़ गई है। उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह लंबे समय से बीमार चल रहे हैं। तबीयत बिगड़ने पर बीते 21 जून को उन्हें लोहिया संस्थान में भर्ती कराया गया था। इस बीच 3 जुलाई को उन्हें माइनर हार्ट अटैक पड़ा, जिसके बाद उन्हें पीजीआई के आईसीयू में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान कल्याण सिंह की तबीयत में सुधान देखने को मिला, लेकिन 17 जुलाई को अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें वेंटीलेटर पर रखकर लाइफ सपोर्ट सिस्टम दिया गया।
एसजीपीजीआई के डायरेक्टर प्रोफेसर आरके धीमान ने शुक्रवार को बताया कि कल्याण सिंह को डायलिसिस पर रखा गया है। अभी वो वेंटिलेटर पर हैं। उन्होंने कहा कि आज शाम या कल तक उनकी सेहत में कितना सुधार होता है ये देखना होगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार की सुबह दिल्ली से लौट और एयरपोर्ट से सीधे एसजीपीजीआई पहुंचे। यहां आने के बाद वह सीधे संस्थान के आईसीयू पहुंचे और कल्याण सिंह का हाल जाना। मुख्यमंत्री योगी के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी रहे। इस दौरान कल्याण सिंह के बेटे राजवीर सिंह राजू भईया व पीजीआई के निदेशक प्रो.आरके धीमन भी मौजूद रहे।