बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ ने सामाजिक परिवर्तन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत राष्ट्रीय सामाजिक रक्षा संस्थान (एनआईएसडी) के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।

यह एमओयू नई दिल्ली में एनआईएसडी द्वारा आयोजित राष्ट्रीय एमओयू आदान-प्रदान समारोह के दौरान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के माननीय केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार जी, सचिव श्री सुधांश पंत जी, संयुक्त सचिव श्री संदीप रेवाजी राठौड़ जी तथा एनआईएसडी के निदेशक श्री गौरव सिंह राजावत की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। विश्वविद्यालय की ओर से प्रो. यू. वी. किरण ने प्रतिनिधित्व करते हुए एमओयू पर हस्ताक्षर किए।

यह समझौता बीबीएयू के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल की उस दूरदर्शी सोच से प्रेरित है, जिसके अंतर्गत शैक्षणिक सहभागिता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं समावेशी विकास के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उनके मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय सामाजिक रूप से सुरक्षित एवं सशक्त भारत के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।

इस साझेदारी के अंतर्गत बीबीएयू एवं एनआईएसडी सामाजिक रक्षा के क्षेत्र में निवारक शिक्षा, अनुसंधान, प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण, पाठ्यक्रम विकास तथा जनसंपर्क एवं जागरूकता गतिविधियों के लिए संयुक्त रूप से कार्य करेंगे। इसमें विशेष रूप से भारत सरकार के प्रमुख कार्यक्रम 'नशा मुक्त भारत अभियान' के तहत मादक पदार्थों के दुरुपयोग की रोकथाम, वरिष्ठ नागरिकों का कल्याण, ट्रांसजेंडर समुदाय का कल्याण, भिक्षावृत्ति की रोकथाम तथा समाज के अन्य कमजोर एवं वंचित वर्गों के कल्याण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

यह सहयोग विश्वविद्यालय को योजनाबद्ध तरीके से अनुसंधान, जागरूकता, प्रशिक्षण एवं विस्तार गतिविधियों के संचालन का अवसर प्रदान करेगा। इसके माध्यम से विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं सामाजिक पहल समाज के जमीनी स्तर तक पहुंच सकेगी और सामाजिक कल्याण के प्रयासों को नई दिशा मिलेगी।उल्लेखनीय है कि इस राष्ट्रीय साझेदारी के लिए देशभर के 23 प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों एवं संस्थानों का चयन किया गया है, जिनमें बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय भी शामिल है।