कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर में दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय अंतःविषयक सम्मेलन ‘सृजन संवाद’ का शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ। व्यंजना आर्ट एंड कल्चर सोसायटी, प्रयागराज, विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ क्रिएटिव एंड परफॉर्मिंग आर्ट्स तथा केंद्रीय हिंदी संस्थान, आगरा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सम्मेलन का विषय "कलाओं के बीच अंतर्संबंध: संवाद और सांस्कृतिक पुनर्पाठ" (Interrelationships Among the Arts: Dialogue and Cultural Re-readings) रहा। सम्मेलन में देश-विदेश के विद्वानों, कलाकारों, साहित्यकारों और शोधार्थियों ने कला की विभिन्न विधाओं के आपसी संबंधों पर विचार साझा किए। पहले दिन उद्घाटन सत्र से लेकर सांस्कृतिक संध्या तक कुल सात सत्र आयोजित हुए।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक के प्रेरणादायी मार्गदर्शन में आयोजित सम्मेलन का शुभारंभ कुलसचिव राकेश कुमार मिश्रा, मुख्य वक्ता स्वामी त्यागराज तथा पद्मश्री पंडित ऋत्विक सान्याल सहित आमंत्रित अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। वक्ताओं ने कहा कि कलाएं अलग-अलग विधाएं नहीं, बल्कि एक ही सृजन चेतना के विविध रूप हैं। भारतीय संस्कृति की समग्रता को समझने के लिए कलाओं को अलग-अलग खांचों में बांटकर देखने के बजाय उनके अंतर्संबंधों को समझना आवश्यक है।
स्कूल ऑफ क्रिएटिव एंड परफॉर्मिंग आर्ट्स के निदेशक डॉ. मिठाई लाल ने स्वागत उद्बोधन दिया, जबकि व्यंजना आर्ट एंड कल्चर सोसायटी की संस्थापक डॉ. मधु शुक्ला ने सम्मेलन की विषयवस्तु पर प्रकाश डाला। बिहार स्कूल ऑफ योगा के स्वामी त्यागराज ने योग, ध्यान और कला के संबंधों पर व्याख्यान दिया। उद्घाटन सत्र का संचालन आकाशवाणी के अनुराग सक्सेना ने किया।
दूसरे सत्र ‘नाद, काल, वाक् : राग-रंग’ में पद्मश्री पंडित ऋत्विक सान्याल ने ध्रुपद गायन की प्रस्तुति दी। पखावज पर आदित्य दीप ने संगत की। तीसरे सत्र ‘Visualizing the Word’ में कला इतिहासकार शांति स्वरूप सिन्हा की अध्यक्षता में आयुष द्विवेदी एवं समूह ने प्रस्तुति दी। डिजाइनर डॉ. मनीष अरोड़ा ने भी विचार रखे।
चौथे सत्र ‘Breaking Academic Silos’ में विश्वभारती विश्वविद्यालय की प्रो. बसवी मुखर्जी की अध्यक्षता में डॉ. धनंजय चोपड़ा और शिवेंद्र कुमार सिंह ने कला शिक्षा में अकादमिक सीमाओं को तोड़ने की आवश्यकता बताई। पांचवें सत्र ‘Word to Visual Narrative’ में अभिनेत्री एवं निर्देशक सोहैला कपूर, फिल्मकार शांतनु गुप्ता और गीतकार अंकिता खत्री ने साहित्य, रंगमंच और सिनेमा के अंतर्संबंधों पर संवाद किया।
छठे सत्र ‘Sound, Rhythm and Cultural Dialogue’ में कर्नाटक संगीत के गायक प्रो. टी.वी. मणिकंदन ने व्याख्यान एवं संगीत प्रस्तुति दी। वायलिन पर आर. श्रीधर और मृदंगम पर पी. वेत्रिभूपति ने संगत की। शाम को आयोजित सांस्कृतिक संध्या में प्रो. संगीता श्रीवास्तव एवं समूह, डॉ. नितिन पांडुरंग शिराले, कथक नर्तक विशाल कृष्णा और बांसुरी वादक मुकेश प्रजापति मधुर ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
सम्मेलन का दूसरा दिन 23 नवंबर को आयोजित होगा। इसमें वैश्विक परिप्रेक्ष्य, लोकगीत, मूर्तिकला, पुरातत्व और फोटोग्राफी पर तकनीकी सत्रों के साथ समापन समारोह होगा।