बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में दिनांक 22 नवंबर को ‘संडेज ऑन साइकिल’, ‘नशा मुक्त अभियान’ एवं ‘फिट इंडिया कैंपेन’ के अंतर्गत साइकिल रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) के सहयोग से बीबीएयू के स्पोर्ट्स सेक्शन, नशा मुक्ति समिति, उन्नत भारत अभियान (UBA), आईबीएसबी समिति तथा राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) यूनिट के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय की कार्यवाहक कुलपति प्रो. सुनीता मिश्रा ने साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शिक्षकों, गैर-शिक्षण कर्मचारियों तथा छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने रैली में शामिल होकर स्वस्थ जीवनशैली, शारीरिक सक्रियता और नशामुक्त समाज का संदेश दिया।

इस अवसर पर कार्यवाहक कुलपति प्रो. सुनीता मिश्रा ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा अपने जीवन में सकारात्मक आदतों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से बचकर अपने स्वास्थ्य, शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। उन्होंने फिटनेस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए साइकिलिंग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की सलाह दी। प्रो. मिश्रा ने कहा कि नियमित साइकिल चलाना न केवल शारीरिक स्वास्थ्य एवं फिटनेस के लिए लाभदायक है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम के संयोजक डॉ. मनोज कुमार धड़वाल ने आयोजन में सहभागिता करने वाले सभी शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं सहयोगी समितियों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय परिवार की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने स्वस्थ जीवनशैली, नशामुक्त परिसर और फिट भारत के संकल्प को मजबूती प्रदान की। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा समाज में नशामुक्ति और फिटनेस का संदेश प्रसारित करने के लिए प्रेरित किया गया।