ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के उर्दू विभाग के तत्वावधान में शनिवार को ‘हयातुल्लाह अंसारी: एक बहुआयामी रचनाकार’ विषय पर व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम विभागाध्यक्ष प्रो. सौबान सईद की अध्यक्षता तथा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजय तनेजा के निर्देशन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के प्रारंभ में डॉ. मूसी रज़ा ने परिचयात्मक वक्तव्य प्रस्तुत करते हुए विषय की प्रासंगिकता और हयातुल्लाह अंसारी के साहित्यिक एवं वैचारिक व्यक्तित्व के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि उर्दू साहित्य के महत्वपूर्ण रचनाकारों के व्यक्तित्व एवं कृतित्व से नई पीढ़ी को परिचित कराना शैक्षणिक संस्थानों का महत्वपूर्ण दायित्व है। मुख्य वक्ता के रूप में मौलाना आज़ाद नेशनल उर्दू विश्वविद्यालय के लखनऊ परिसर की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. इशरत नाहीद ने हयातुल्लाह अंसारी के साहित्यिक, पत्रकारितापरक एवं राजनीतिक योगदान पर विस्तार से चर्चा की।

उन्होंने कहा कि हयातुल्लाह अंसारी उर्दू साहित्य की ऐसी विशिष्ट हस्ती थे, जिन्होंने कहानी, उपन्यास, पत्रकारिता और राजनीति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनकी रचनाओं में सामाजिक यथार्थ, मानवीय संवेदना, सामाजिक चेतना और प्रगतिशील विचारधारा का स्पष्ट प्रतिबिंब दिखाई देता है।

डॉ. इशरत नाहीद ने कहा कि हयातुल्लाह अंसारी ने अपने समय की राजनीतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक परिस्थितियों को गहराई से महसूस किया तथा उन्हें अपनी रचनाओं का विषय बनाया। उनकी कहानियों में सामाजिक विषमता, वर्ग-संघर्ष, आर्थिक शोषण, मानवीय संबंधों की जटिलता और आम आदमी के जीवन की समस्याओं का प्रभावशाली चित्रण मिलता है। उन्होंने बताया कि फरंगी महल के साहित्यिक एवं शैक्षिक परिवेश में पले-बढ़े हयातुल्लाह अंसारी ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से शिक्षा प्राप्त की। विद्यार्थी जीवन में प्रगतिशील साहित्यिक आंदोलन से जुड़ाव ने उनके वैचारिक एवं रचनात्मक दृष्टिकोण को नई दिशा प्रदान की।

उनके उपन्यास लेखन पर चर्चा करते हुए डॉ. नाहीद ने पांच खंडों में प्रकाशित उपन्यास ‘लहू के फूल’ को उर्दू कथा-साहित्य की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इस उपन्यास में भारतीय राजनीतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक इतिहास का व्यापक परिदृश्य देखने को मिलता है।

इसमें इतिहास और कल्पना का सुंदर समन्वय हुआ है, जो पाठकों को एक पूरे युग की परिस्थितियों से परिचित कराता है।उन्होंने आगे कहा कि हयातुल्लाह अंसारी की राजनीतिक विचारधारा में लोकतंत्र, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सुधार और जनसेवा के विचारों का विशेष महत्व था। उनके साहित्यिक व्यक्तित्व की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता प्रगतिशील विचारधारा और मानवीय मूल्यों का समन्वय है, जो उनकी रचनाओं में प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त होता है।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. आज़म अंसारी ने किया तथा अंत में डॉ. सिद्धार्थ सुदीप ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर डॉ. मोहम्मद अकमल, डॉ. मुर्तज़ा अली अतहर, डॉ. मुनव्वर हुसैन एवं डॉ. ज़फरुन नक़ी सहित उर्दू विभाग के शिक्षक, शोधार्थी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।