महिलाओं को कौशल विकास के माध्यम से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ के गृह विज्ञान विभाग द्वारा शनिवार को ‘कौशल विकास एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम’ का शुभारंभ किया गया। इसके अंतर्गत ‘सिलाई एवं परिधान निर्माण’ विषय पर तीन माह का निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। रुसा भवन के प्रथम तल स्थित गृह विज्ञान विभाग में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य गृहिणियों एवं रोजगार की तलाश कर रही महिलाओं को व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाना है।

कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के कुलपति एवं मुख्य संरक्षक प्रो. अजय तनेजा के मार्गदर्शन एवं संरक्षण में किया गया। उद्घाटन अवसर पर सामाजिक विज्ञान संकाय की डीन एवं गृह विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. तत्हीर फात्मा तथा डॉ. पूनम चौधरी की गरिमामयी उपस्थिति रही।कार्यक्रम के प्रारंभ में सह-समन्वयक डॉ. कीर्तिमा सचान ने अतिथियों, शिक्षकों, प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सिलाई एवं परिधान निर्माण केवल एक कला नहीं, बल्कि महिलाओं के लिए स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता का प्रभावी माध्यम भी है।

इस अवसर पर प्रो. तत्हीर फात्मा ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा एवं पाठ्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि तीन माह का यह प्रायोगिक पाठ्यक्रम महिलाओं में व्यावसायिक दक्षता विकसित करने और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सिलाई मशीन के रखरखाव, पैटर्न ड्राफ्टिंग, बच्चों के परिधान, महिलाओं के कुर्ता-सलवार, पेटीकोट एवं ब्लाउज बनाने के साथ-साथ वस्त्रों में सुधार और लघु व्यवसाय प्रबंधन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से महिलाएं सिलाई एवं परिधान निर्माण के क्षेत्र में दक्षता हासिल कर स्वयं का रोजगार शुरू करने में सक्षम हो सकेंगी। यह कार्यक्रम महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ ही उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के नए अवसर प्रदान करेगा।

कार्यक्रम का समन्वयन डॉ. कल्पना देवी ने किया। सह-समन्वयक डॉ. कीर्तिमा सचान एवं डॉ. अंजलि सिंह ने आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंत में डॉ. अंजलि सिंह ने कुलपति, अतिथियों, विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्यों, प्रशिक्षकों तथा उपस्थित महिला प्रतिभागियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।