बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में विज्ञान और नवाचार का उत्सव, टेक क्विज में जुटे एक हजार से अधिक विद्यार्थी
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में विज्ञान भारती के तत्वावधान में ‘सर जे.सी. बोस साइंस कॉन्क्लेव-2026’ के अंतर्गत शनिवार को टेक क्विज एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। टेक क्विज में विश्वविद्यालय परिसर एवं झांसी के सात प्रमुख विद्यालयों के एक हजार से अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी वैज्ञानिक एवं तकनीकी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विश्वविद्यालय के अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (आईईटी) तथा विज्ञान संकाय द्वारा आयोजित साइंस कॉन्क्लेव की थीम ‘लिसनिंग टू नेचर, इंजीनियरिंग द फ्यूचर’ (प्रकृति को समझना, तकनीक से भविष्य का निर्माण करना) है। प्रारंभिक चरण की प्रतियोगिताओं का आयोजन जे.सी. बोस इंस्टीट्यूट ऑफ बेसिक साइंस एवं आईईटी द्वारा किया गया।
भाषण प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने ‘जे.सी. बोस : भारतीय विज्ञान का गौरव’ विषय पर हिंदी एवं अंग्रेजी में अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में इं. विजय वर्मा एवं डॉ. चेतन आनंद दुबे ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
आचार्य जगदीश चंद्र बोस की जयंती पर 30 नवंबर को प्रातः नौ बजे से कॉन्क्लेव का मुख्य आयोजन होगा। इसमें निबंध लेखन, पोस्टर प्रस्तुतीकरण एवं रील निर्माण सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं होंगी। विजेताओं को पदक एवं प्रमाणपत्र तथा प्रत्येक प्रतियोगिता के प्रथम तीन विजेताओं को नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।
कार्यक्रम का आयोजन आईईटी के निदेशक प्रो. डी.के. भट्ट एवं अभियांत्रिकी संकाय के अधिष्ठाता प्रो. एम.एम. सिंह के सहयोग एवं मार्गदर्शन में हुआ। आयोजन एवं संचालन में डॉ. संजीव कुमार श्रीवास्तव, डॉ. अंजलि श्रीवास्तव, डॉ. अनु सिंगला, डॉ. बृजेंद्र कश्यप एवं डॉ. सुरजीत रायकवार की विशेष भूमिका रही।