बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में दिनांक 27 नवंबर को पर्यावरण विज्ञान विभाग की ओर से ‘विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति में अपशिष्ट पुनर्चक्रण एवं चक्रीय अर्थव्यवस्था की भूमिका (Waste Recycling & Circular Economy Towards Viksit Bharat) विषय पर आयोजित द्विदिवसीय कार्यशाला का समापन हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेंटर फॉर इनोवेशन, इनक्यूबेशन एंड इन्टरप्रेन्योरशिप, बीबीएयू के अध्यक्ष प्रो. नवीन कुमार अरोड़ा ने की। इसके अतिरिक्त मंच पर आईआईटी गुवाहाटी के प्रो. अजय कलमधाड़, प्रो. शिखा, आईआईटी इंदौर के डॉ. मयूर एस. जैन, कार्यक्रम संयोजक डॉ. जीवन सिंह, सरदार वल्लभ भाई नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, सूरत के डॉ. के.डी. यादव एवं डॉ. राजेश सिंह मौजूद रहे। सर्वप्रथम कार्यक्रम संयोजक डॉ. जीवन सिंह ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों का स्वागत किया और सभी को कार्यक्रम के उद्देश्य एवं रुपरेखा से अवगत कराया।

           सेंटर फॉर इनोवेशन, इनक्यूबेशन एंड इन्टरप्रेन्योरशिप, बीबीएयू के अध्यक्ष प्रो. नवीन कुमार अरोड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि सतत उत्पादन (Sustainable Production), पुनर्चक्रण एवं प्रकृति आधारित समाधानों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमें संसाधनों के अधिकतम उपयोग एवं अपशिष्ट के प्रभावी प्रबंधन पर विशेष ध्यान देना होगा, ताकि कचरे को लैंडफिल में भेजने के बजाय उसका पुनः उपयोग कर अधिकतम आर्थिक एवं पर्यावरणीय लाभ प्राप्त किया जा सके। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि उत्पादन की प्रक्रिया को सतत विकास से जोड़ा जाए तथा उत्पादों के निर्माण एवं उपयोग के दौरान होने वाले कार्बन उत्सर्जन का आकलन भी सुनिश्चित किया जाए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने प्रकृति आधारित अपशिष्ट पुनर्चक्रण समाधानों के माध्यम से अर्थव्यवस्था को विकसित करने पर बल दिया और बताया कि जलवायु परिवर्तन की बढ़ती चुनौतियों के मद्देनजर इस दिशा में जागरूकता एवं ठोस प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं।

आईआईटी गुवाहाटी के प्रो. अजय कलमधाड़ ने अपशिष्ट जल प्रबंधन के क्षेत्र में शोध की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों को वेस्टवॉटर में बीओडी, सीओडी तथा उभरते प्रदूषकों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर शोध कार्य करने की दिशा में आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में अभी व्यापक स्तर पर शोध एवं नवाचार की आवश्यकता है।

आईआईटी इंदौर के डॉ. मयूर एस. जैन ने सुझाव देते हुए कहा कि अपशिष्ट प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति में एवं आवासीय परिसर में कचरे के पृथक्करण (Waste Segregation) की आदत को विकसित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि कचरे का स्रोत स्तर पर ही उचित पृथक्करण नहीं किया जाएगा, तो सारा अपशिष्ट लैंडफिल तक पहुंच जाएगा। इसलिए घरों एवं आवासीय परिसरों से ही गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ लोगों में इसके प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी विकसित करनी होगी।

सरदार वल्लभ भाई नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, सूरत के डॉ. के. डी. यादव ने कहा कि विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को अपने शोध कार्य के लिए केवल सैद्धांतिक विषयों तक सीमित न रहकर वास्तविक क्षेत्रीय समस्याओं को आधार बनाना चाहिए। शोध के माध्यम से जमीनी स्तर पर मौजूद समस्याओं की पहचान कर उन्हें स्थानीय स्तर तक समझने और उनके व्यावहारिक समाधान खोजने की दिशा में कार्य करना आवश्यक है।

          प्रो. शिखा ने द्विदिवसीय कार्यशाला के दौरान आयोजित विभिन्न सत्रों, प्रमुख चर्चाओं एवं विशेषज्ञों द्वारा साझा किए गए विचारों का उल्लेख करते हुए कार्यशाला की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की।

कार्यक्रम संयोजक डॉ. जीवन सिंह ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि सतत विकास लक्ष्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उन्हें व्यवहार में लागू करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि इस विषय पर नए-नए विचारों एवं नवाचारों के माध्यम से कार्य करने की अपार संभावनाएं हैं। विद्यार्थियों को नए इनिशिएटिव और रचनात्मक सुझावों के साथ आगे आना चाहिए, ताकि इस क्षेत्र में शोध एवं कार्यों को नई दिशा मिल सके। अंत में उन्होंने कार्यशाला के सफल आयोजन के लिए सभी आयोजकों, वक्ताओं एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

          अंत में पेपर प्रस्तुतीकरण करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही आयोजन समिति की ओर से अतिथियों को स्मृति चिन्ह एवं शॉल भेंट करके उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया। साथ ही डॉ. राजेश सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

         समस्त कार्यक्रम के दौरान विभिन्न संकायों के संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण, गैर शिक्षण कर्मचारी, शोधार्थी एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।