बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में परीक्षा फॉर्म भरने का अंतिम अवसर, समर्थ और ईआरपी पोर्टल के लिए अलग-अलग तिथियां निर्धारित
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय ने छात्रहित में सत्र 2026-27 के स्नातक एवं परास्नातक स्तर के व्यावसायिक, गैर व्यावसायिक एवं राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 से आच्छादित पाठ्यक्रमों के परीक्षा आवेदन भरने का अंतिम अवसर प्रदान किया है। विश्वविद्यालय ने समर्थ एवं ईआरपी पोर्टल से परीक्षा आवेदन भरने वाले विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग तिथियां निर्धारित की हैं।
समर्थ पोर्टल पर चार दिसंबर तक भर सकेंगे परीक्षा फॉर्म
परीक्षा नियंत्रक राजबहादुर ने बताया कि समर्थ पोर्टल से प्रवेशित प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर के संस्थागत विद्यार्थियों तथा समर्थ पोर्टल से परीक्षा आवेदन करने वाले भूतपूर्व, ईयर बैक, बैक पेपर एवं श्रेणी सुधार के अभ्यर्थी 29 नवंबर से चार दिसंबर 2026 तक अपना परीक्षा आवेदन https://bujhansi.samarth.edu.in पर भर सकेंगे।
ईआरपी पोर्टल पर केवल 29 नवंबर को मिलेगा अवसर
प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर के ऐसे विद्यार्थी, जिनके परीक्षा आवेदन समर्थ पोर्टल के बजाय विश्वविद्यालय के ईआरपी पोर्टल से भरे जाने हैं, वे 29 नवंबर को प्रातः 10 बजे से शाम पांच बजे तक 500 रुपये विलंब शुल्क के साथ www.bujhansi.ac.in के माध्यम से परीक्षा आवेदन भर सकेंगे। इनमें ईआरपी पोर्टल से आवेदन करने वाले संबंधित भूतपूर्व, गैप ईयर, बैक पेपर एवं श्रेणी सुधार के अभ्यर्थी शामिल हैं।
परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि दोनों पोर्टल के लिए निर्धारित अवधि के बाद कोई अन्य अवसर प्रदान नहीं किया जाएगा। सभी संबंधित महाविद्यालयों एवं विभागों को विद्यार्थियों तक सूचना पहुंचाने और समय से परीक्षा आवेदन भरवाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं स्थगित
विश्वविद्यालय ने सत्र 2026-27 के व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर की पांच दिसंबर से शुरू होने वाली परीक्षाएं अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दी हैं। इन परीक्षाओं का नया कार्यक्रम शीघ्र ही विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी किया जाएगा।
फूड, न्यूट्रिशन एंड हाइजीन की परीक्षा अब 21 दिसंबर को
बीए प्रथम सेमेस्टर के बैक पेपर एवं भूतपूर्व विद्यार्थियों के लिए 30 नवंबर को निर्धारित ‘फूड, न्यूट्रिशन एंड हाइजीन’ (प्रश्नपत्र कोड-14101)*की परीक्षा अब 21 दिसंबर 2026 को तृतीय पाली में अपराह्न 2:30 से 4:30 बजे तक आयोजित होगी। विद्यार्थियों को परीक्षा संबंधी सूचनाओं के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट नियमित रूप से देखने की सलाह दी गई है।