शासन के निर्देश पर मनाया गया संविधान दिवस, MSD विश्वविद्यालय में संवैधानिक गैलरी का शुभारंभ, डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा का हुआ अनावरण
आजमगढ़, 26 नवंबर। भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय तथा उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ में संविधान दिवस धूमधाम से मनाया गया। केंद्र सरकार के संयुक्त सचिव के पत्र, मुख्य सचिव एस.पी. गोयल के 20 नवंबर के पत्र तथा उच्च शिक्षा विभाग के अनुपालन में विश्वविद्यालय के विधि विभाग की ओर से भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।शासन के निर्देशानुसार विश्वविद्यालयों में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन, वाद-विवाद, गोष्ठी, प्रभात फेरी और विभिन्न प्रतियोगिताओं के आयोजन किए गए।
इसी क्रम में विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के अपर महाधिवक्ता एवं वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल प्रताप सिंह रहे। उन्होंने संवैधानिक गैलरी का शुभारंभ करने के साथ ही भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण किया।कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण, कुलगीत एवं अतिथियों के सम्मान से हुई। रजिस्ट्रार अमृत लाल एवं परीक्षा नियंत्रक ने अतिथियों का स्वागत किया। विधि विभाग के प्रभारी ने गुलाब भेंट कर स्वागत किया।
कार्यक्रम में भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया।‘डॉ. अंबेडकर का संविधानवाद और हम भारत के लोग’ विषय पर हुआ व्याख्यान‘ डॉ. अंबेडकर का संविधानवाद और हम भारत के लोग’ विषय पर आयोजित विशेष व्याख्यान में मुख्य अतिथि अनिल प्रताप सिंह ने कहा कि भारतीय संविधान की आत्मा न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व में बसती है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को केवल अपने अधिकारों को ही नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों को भी जानना चाहिए। संविधान तभी सार्थक होगा जब हम उसे अपने आचरण में उतारेंगे।कुलपति ने कहा - संविधान जीवंत आधार है
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने अपने संदेश में कहा कि भारतीय संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व का जीवंत आधार है। डॉ. अंबेडकर के विचार आज भी भारतीय लोकतंत्र को दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि संवैधानिक गैलरी की स्थापना विद्यार्थियों को संविधान के इतिहास, निर्माण प्रक्रिया और उसके आदर्शों से जोड़ने की महत्वपूर्ण पहल है। यह गैलरी विद्यार्थियों और शोधार्थियों को भारतीय संविधान के निर्माण, संविधान सभा के योगदान तथा संवैधानिक व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं को समझने का अवसर प्रदान करेगी।
रजिस्ट्रार अमृत लाल ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि भारतीय संविधान विश्व का सबसे बड़ा लिखित संविधान है। उन्होंने कहा कि इसकी सबसे बड़ी विशेषता संघात्मक ढांचे में एकात्मकता की भावना, मौलिक अधिकारों की व्यवस्था, राज्य के नीति-निर्देशक तत्व, स्वतंत्र न्यायपालिका, धर्मनिरपेक्षता और वयस्क मताधिकार है। प्रस्तावना ही संविधान का प्राण है, जिसमें न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व का संकल्प लिया गया है
डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा सभी के आकर्षण का केंद्र रही। इस प्रतिमा का निर्माण ललित कला विभाग के गुलशन सोनकर ने किया है। अतिथियों ने उनकी कला की सराहना की।प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाया हुनरशासन के निर्देशानुसार आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता में सजल को प्रथम स्थान मिला। आलेख लेखन में अंकित गुप्ता को प्रथम, सत्येन्द्र कुमार और अंजू मौर्या को द्वितीय तथा आयुषी यादव व अमरजीत सिंह को तृतीय पुरस्कार दिया गया।पोस्टर प्रतियोगिता में सत्येन्द्र कुमार को प्रथम, प्रखर को द्वितीय तथा सुनिधि चौहान और आविष्कार को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।इस कार्यक्रम में सहायक कुलसचिव डॉ. महेश श्रीवास्तव और विधि विभाग से डॉ. आर. डी. सोनकर, गजाला सिद्दीकी, प्रशांत पाण्डेय और आदर्श मिश्रा सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी एवं शोधार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रेया पाण्डेय और हिमांशु शेखर ने किया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. आर. डी. सोनकर ने दिया।कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।