ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ के विधि अध्ययन संकाय द्वारा संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी का विषय ‘निष्पक्षता और न्याय पर आधारित संवैधानिकता और बहुसंख्यकवादी लोकतंत्र के बीच संघर्ष’ रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य संवैधानिकता और बहुसंख्यकवाद आधारित लोकतंत्र के अंतर्संबंधों का अकादमिक अध्ययन करने के लिए एक सार्थक मंच प्रदान करना तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में निष्पक्षता और न्याय के संवैधानिक मूल्यों के महत्व पर विमर्श करना था।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजय तनेजा की गरिमामयी उपस्थिति रही। मुख्य अतिथि के रूप में लखनऊ विश्वविद्यालय के विधि संकाय के प्रो. आशीष कुमार श्रीवास्तव तथा संवैधानिक विशेषज्ञ डॉ. सिद्धार्थ शंकर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन विधि अध्ययन संकाय के अध्यक्ष एवं अधिष्ठाता डॉ. पीयूष कुमार त्रिवेदी के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत, दीप प्रज्वलन एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके पश्चात विधि अध्ययन संकाय के अधिष्ठाता डॉ. पीयूष कुमार त्रिवेदी ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की संयोजिका श्रीमती निधि सिंह राठौड़ ने संगोष्ठी के विषय का परिचय देते हुए इसकी प्रासंगिकता एवं उद्देश्य पर प्रकाश डाला।

संगोष्ठी में संवैधानिकता, लोकतांत्रिक मूल्यों, बहुसंख्यकवाद, निष्पक्षता एवं न्याय के विभिन्न आयामों पर अकादमिक विमर्श किया गया। वक्ताओं ने संविधान की मूल भावना और लोकतांत्रिक व्यवस्था में न्याय एवं समानता के मूल्यों के महत्व को रेखांकित किया। कार्यक्रम का समापन भारतीय संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक वाचन एवं शपथ के साथ हुआ। इसके पश्चात राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. राजकुमार परीछेता द्वारा किया गया। संगोष्ठी में विश्वविद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।