*लखनऊ।* ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 की विषम सेमेस्टर (दिसंबर-2026) परीक्षाओं को लेकर आवश्यक सूचना जारी कर दी है। विश्वविद्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार परीक्षाएं 30 नवंबर 2026 से 17 दिसंबर 2026 तक आयोजित की जाएंगी। परीक्षा में शामिल होने वाले डिप्लोमा, स्नातक एवं परास्नातक पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) 25 नवंबर 2026 से समर्थ पोर्टल पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध हो गए हैं।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी संबंधित छात्र-छात्राओं को निर्देशित किया है कि वे समर्थ पोर्टल पर अपनी लॉगिन आईडी के माध्यम से प्रवेश पत्र डाउनलोड करना सुनिश्चित करें। साथ ही प्रवेश पत्र में अंकित विवरणों की जांच भी कर लें। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि बिना प्रवेश पत्र के किसी भी छात्र-छात्रा को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

ये परीक्षाएं डिप्लोमा, स्नातक एवं परास्नातक पाठ्यक्रमों के प्रथम, तृतीय, पंचम एवं सप्तम सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए आयोजित की जाएंगी।

*कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने कहा* कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति और परीक्षा संबंधी सुविधाओं को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सभी छात्र-छात्राएं निर्धारित समय पर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर लें और परीक्षा की तैयारी पूरी गंभीरता एवं अनुशासन के साथ करें। विश्वविद्यालय का प्रयास है कि परीक्षाएं सुचारु, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हों।

परीक्षा नियंत्रक श्री विकास की ओर से जारी सूचना में विभागाध्यक्षों एवं विषय प्रभारियों को भी निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने विभागों के छात्र-छात्राओं तक परीक्षा संबंधी जानकारी पहुंचाना सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी विद्यार्थी को प्रवेश पत्र डाउनलोड करने अथवा परीक्षा में शामिल होने में परेशानी न हो। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अंतिम समय का इंतजार किए बिना अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर लें और परीक्षा संबंधी सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कर लें।