बीबीएयू में ‘पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन’ विषय पर पांच दिवसीय प्रबंधन विकास कार्यक्रम का शुभारंभ
युवा नौकरी मांगने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बनें : प्रो. राज कुमार मित्तल
बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय के प्रबंधन अध्ययन विभाग की ओर से दिनांक 25- 30 नवंबर को ‘पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन’ (Tourism and Travel Management) विषय पर पांच दिवसीय प्रबंधन विकास कार्यक्रम (Management Development Programme – MDP) का उद्घाटन किया गया। यह कार्यक्रम सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार के एमएसएमई-विकास एवं सुविधा कार्यालय, कानपुर के सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने की। मुख्य अतिथि के तौर पर एमएसएमई, डीएफओ, कानपुर के निदेशक श्री वी.के. वर्मा उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त मंच पर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट एंड कॉमर्स के संकायाध्यक्ष प्रो. अमित कुमार सिंह, चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय, भिवानी के फैकल्टी ऑफ मैनेजमेंट एंड कॉमर्स की संकायाध्यक्ष प्रो. सुनीता बर्थवाल, दलित भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग चैंबर के श्री कुंवर शशांक, प्रबंध अध्ययन विभाग, बीबीएयू की विभागाध्यक्ष प्रो. तरुणा, एमएसएमई, डीएफओ, कानपुर की सांख्यिकी अधिकारी श्रीमती सोनिका रस्तोगी एवं जूट फॉर लाइफ की संस्थापक श्रीमती अंजलि सिंह उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं बाबासाहेब के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुई। विश्वविद्यालय कुलगीत गायन के पश्चात आयोजन समिति की ओर से मंचासीन अतिथियों एवं शिक्षकों को पौधा एवं स्मृति चिन्ह भेंट करके उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया। सर्वप्रथम कार्यक्रम संयोजक प्रो. तरुणा ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों का स्वागत किया एवं सभी को कार्यक्रम के उद्देश्य एवं रुपरेखा से अवगत कराया।
विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने अपने संबोधन में इस सफल आयोजन के लिए सभी आयोजकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को केवल नौकरी प्राप्त करने की मानसिकता तक सीमित न रहकर नौकरी देने वाला अर्थात् जॉब क्रिएटर बनने की दिशा में प्रयास करना चाहिए, ताकि वे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और विकसित भारत @2047 के संकल्प को साकार करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकें। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि भारत एक कृषि प्रधान देश है और कृषि एवं इससे जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में उद्यमिता की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। युवा कृषि आधारित उद्योगों, खाद्य प्रसंस्करण, जैविक खेती, कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन, डेयरी, मत्स्य पालन एवं कृषि तकनीक जैसे क्षेत्रों में नए स्टार्टअप शुरू कर सकते हैं। उन्होंने सर्कुलर इकोनॉमी (चक्रीय अर्थव्यवस्था) की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज आवश्यकता ऐसे उद्यमों को बढ़ावा देने की है, जो संसाधनों का बेहतर उपयोग करें, अपशिष्ट पदार्थों को पुनः उपयोगी उत्पादों में परिवर्तित करें तथा पर्यावरण संरक्षण के साथ आर्थिक विकास को भी गति दें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को स्थानीय संसाधनों एवं समस्याओं को नए अवसरों के रूप में देखते हुए नवाचार और रचनात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल अकादमिक ज्ञान प्रदान करना ही नहीं, बल्कि उनमें कौशल, आत्मविश्वास एवं उद्यमशीलता की भावना विकसित करना भी है, जिससे वे भविष्य में सफल उद्यमी बनकर समाज एवं राष्ट्र के विकास में सहभागी बन सकें।
एमएसएमई, डीएफओ, कानपुर के निदेशक श्री वी.के. वर्मा ने कहा कि एमएसएमई युवाओं को उद्यमिता एवं स्टार्टअप के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि एमएसएमई विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के साथ मिलकर युवाओं की प्रतिभा को निखारने, उनके नवाचारों को प्रोत्साहित करने तथा नए व्यवसाय स्थापित करने के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने की दिशा में कार्य कर रहा है।
उन्होंने एमएसएमई इनोवेटिव, जीरो डिफेक्ट जीरो इफेक्ट, सूक्ष्म एवं लघु उद्यम क्लस्टर विकास कार्यक्रम योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से नए विचारों को व्यावसायिक रूप देने, उत्पादों की गुणवत्ता एवं डिजाइन में सुधार, आधुनिक तकनीक को अपनाने, नवाचारों को संरक्षण देने तथा पारंपरिक उद्योगों को विकसित करने में सहायता प्रदान की जाती है।
उन्होंने कहा कि विभिन्न संस्थानों के साथ मिलकर काम करने का उद्देश्य युवाओं की रचनात्मकता और उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि बीबीएयू से भी ऐसी प्रतिभाएं निकलें, जो स्टार्टअप एवं उद्यमिता के क्षेत्र में अपनी पहचान स्थापित करें और देश के आर्थिक एवं सामाजिक विकास में योगदान दें।
चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय, भिवानी के फैकल्टी ऑफ मैनेजमेंट एंड कॉमर्स की संकायाध्यक्ष प्रो. सुनीता बर्थवाल ने विद्यार्थियों को उद्यमिता एवं स्टार्टअप के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए अनेक प्रेरणादायक उदाहरण साझा किए। उन्होंने ऐसे युवाओं की सफलता की कहानियों का उल्लेख किया, जिन्होंने बेहद साधारण परिस्थितियों और शून्य से शुरुआत करके आज करोड़ों रुपये की कंपनियां स्थापित की हैं। उन्होंने कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए बड़े संसाधनों से अधिक सीखने की ललक, अपने कार्य के प्रति जुनून, दृढ़ इच्छाशक्ति और कुछ नया करने का जज्बा होना आवश्यक है। यदि व्यक्ति में निरंतर सीखने की इच्छा और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण है, तो वह किसी भी चुनौती का सामना करते हुए सफलता की नई ऊंचाइयां हासिल कर सकता है।
दलित भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग चैंबर के श्री कुंवर शशांक ने दलित इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की भूमिका एवं गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डिक्की का उद्देश्य अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के उद्यमियों को प्रोत्साहित करना, उन्हें व्यवसाय स्थापित करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करना तथा उद्योग एवं व्यापार के क्षेत्र में उनकी भागीदारी बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि संस्था उद्यमियों को नेटवर्किंग, प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता से जुड़ी जानकारी, बाजार तक पहुंच तथा सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सहयोग प्रदान करती है।
प्रबंध अध्ययन विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. तरुणा ने कहा कि वर्तमान समय में उद्यमिता युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने के साथ-साथ आत्मनिर्भर बनने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। विद्यार्थियों को अपनी रुचि, कौशल एवं नवाचारी विचारों को पहचानकर उन्हें व्यावहारिक रूप देने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का संबंधित विभाग विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं उनके हितों को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर इस प्रकार की गतिविधियों, कार्यशालाओं एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा, ताकि विद्यार्थियों को उद्यमिता से जुड़ी योजनाओं, अवसरों एवं व्यावहारिक जानकारियों से अवगत कराया जा सके और वे भविष्य में सफल उद्यमी बनकर उभर सकें।
एमएसएमई, डीएफओ, कानपुर की सांख्यिकी अधिकारी श्रीमती सोनिका रस्तोगी ने एमएसएमई द्वारा स्टार्टअप्स एवं नव उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, क्रेडिट गारंटी योजना, उद्यमिता एवं कौशल विकास कार्यक्रम, ASPIRE योजना तथा प्रोक्योरमेंट एंड मार्केटिंग सपोर्ट स्कीम (PMS) के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से युवाओं एवं महिला उद्यमियों को व्यवसाय स्थापित करने, ऋण एवं वित्तीय सहायता प्राप्त करने, कौशल विकास तथा अपने उत्पादों के विपणन के लिए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने युवाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर स्वरोजगार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
जूट फॉर लाइफ की संस्थापक श्रीमती अंजलि सिंह ने अपनी संस्था ‘जूट फॉर लाइफ’ की गतिविधियों एवं उद्देश्यों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनकी संस्था के माध्यम से महिलाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संस्था महिलाओं के कौशल एवं रचनात्मकता को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें जूट से बने विभिन्न उत्पादों के निर्माण से जोड़ रही है, जिससे वे अपनी आजीविका अर्जित कर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें। उन्होंने महिला सशक्तीकरण एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने में ऐसे प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
समस्त कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शिक्षक, शोधार्थी, प्रतिभागी एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।