आजमगढ़। महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय के विधि विभाग की ओर से संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को विशेष व्याख्यान एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। कार्यक्रम अपराह्न दो बजे अकादमिक ब्लॉक-1 के द्वितीय तल पर आयोजित होगा।
कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘डॉ. आंबेडकर का संविधानवाद और हम भारत के लोग’ निर्धारित किया गया है। विशेष व्याख्यान में भारतीय संविधान के निर्माण में डॉ. आंबेडकर के योगदान, लोकतांत्रिक आदर्शों और संवैधानिक मूल्यों की प्रासंगिकता पर विचार-विमर्श होगा।
इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षकों में संवैधानिक चेतना को मजबूत करना तथा न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता जैसे मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता को बढ़ावा देना है। प्रतिमा अनावरण के माध्यम से संविधान निर्माता डॉ. आंबेडकर के विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को भी स्मरण किया जाएगा।
विधि विभाग की ओर से विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों एवं विद्यार्थियों से कार्यक्रम में सहभागिता की अपील की गई है।