भाषा का संबंध धर्म से नहीं बल्कि सांस्कृतिक चेतना और जनभावनाओं से होता है: प्रो. फख़्ररे आलम
लखनऊ, 26 नवंबर 2026। ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के उर्दू विभाग की ओर से मौलाना अबुल कलाम आज़ाद अकादमिक भवन में ‘जश्न-ए-उर्दू’ के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उर्दू विभाग के अध्यक्ष प्रो.सौबान सईद ने अपने स्वागत वक्तव्य में अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए जश्न-ए-उर्दू के आयोजन के महत्व और उसकी प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नवंबर का महीना उर्दू भाषा और साहित्य की दो महान एवं बहुआयामी विभूतियों, अल्लामा इक़बाल और मौलाना अबुल कलाम आज़ाद से विशेष रूप से जुड़ा हुआ है। इन दोनों महान व्यक्तित्वों ने अपनी शैक्षिक, साहित्यिक, वैचारिक और राष्ट्रीय सेवाओं के माध्यम से उर्दू भाषा एवं साहित्य को एक नई पहचान और विस्तार प्रदान किया।
इसलिए इस महीने में इन विभूतियों को याद करना और नई पीढ़ी को उनके विचारों एवं सिद्धांतों से परिचित कराना हमारी शैक्षिक और साहित्यिक जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण कर्तव्य भी है। ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन से विद्यार्थियों में उर्दू भाषा के प्रति रुचि विकसित होती है और उन्हें अपनी प्रतिभा एवं क्षमताओं के प्रदर्शन के लिए सार्थक मंच मिलता है। बैतबाज़ी, साहित्यिक प्रश्नोत्तरी और शोधपत्र वाचन जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में साहित्यिक अभिरुचि, अध्ययन की प्रवृत्ति और बौद्धिक क्षमता को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
प्रो. फख़्रे आलम ने अपने मुख्य वक्तव्य में उर्दू भाषा के महत्व, उसकी सांस्कृतिक एवं सभ्यतागत प्रासंगिकता तथा वर्तमान समय में उसके समक्ष उपस्थित चुनौतियों पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि उर्दू महज एक भाषा नहीं, बल्कि हमारी साझा सांस्कृतिक विरासत और गंगा-जमुनी तहज़ीब की अमानत है। इस भाषा ने भारत की राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सौहार्द और स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज कुछ राजनीतिक चालों और स्वार्थपरक दृष्टिकोणों के चलते भाषाओं को धार्मिक एवं राजनीतिक पहचानों में बांटने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने उर्दू भाषा के प्रति अपनी रुचि और आत्मीय लगाव व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उर्दू एक अत्यंत मधुर, सुंदर और सांस्कृतिक मूल्यों से समृद्ध भाषा है। इसकी मिठास, शालीनता और साहित्यिक सौंदर्य प्रत्येक भाषा के वक्ता को अपनी ओर आकर्षित करता है। उन्होंने कहा कि भाषाएं समाज को जोड़ने और विभिन्न संस्कृतियों के बीच संवाद स्थापित करने का माध्यम होती हैं। उर्दू भाषा ने भारत की साझा संस्कृति और गंगा-जमुनी परंपरा को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इस अवसर पर विभिन्न शैक्षिक, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनमें बैतबाज़ी, साहित्यिक प्रश्नोत्तरी और शोधपत्र वाचन प्रमुख रहे। इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी साहित्यिक और बौद्धिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विभिन्न गतिविधियों में अलीशा रिज़वी, हसन अकबर, अनवरी खातून, प्रखर द्विवेदी, शादाब अंजुम, अब्दुल्ला ज़िया, फारूक अहमद, मोहम्मद साकिब, मोहम्मद ज़ाकिर, उर्फ़ी खानम, सुनबल फातिमा सहित अन्य विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर विभाग के शिक्षक डॉ. नीरज शुक्ला, डॉ. मोहम्मद अकमल, डॉ. आज़म अंसारी, डॉ. मुर्तज़ा अली अतहर, डॉ. मुनव्वर हुसैन, डॉ. मूसी रज़ा, डॉ. सिद्धार्थ सुदीप, डॉ. राजकुमार, डॉ. अब्दुल हफ़ीज़ और डॉ. आरिफ़ अब्बास के अलावा अन्य शिक्षक, शोधार्थी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अब्दुल्ला ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन अरसला अबरार ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में उर्दू विभाग की रिसर्च स्कॉलर्स एसोसिएशन और बज़्म-ए-अदब के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।