बीबीएयू में संविधान दिवस के उपलक्ष्य में द्विदिवसीय कार्यक्रम का आयोजन, संविधान निर्माताओं के योगदान एवं संवैधानिक मूल्यों पर हुई चर्चा
बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के विधि विभाग द्वारा दिनांक 25 नवंबर को संविधान दिवस के उपलक्ष्य में ‘संवैधानिक संकल्प एवं मूल्य: विकसित भारत @2047 की परिकल्पना का आधार’ विषय पर द्विदिवसीय कार्यक्रम का उद्घाटन हुआ। मुख्य अतिथि के तौर पर भारत सरकार के ग्रामीण विकास राज्य मंत्री श्री कमलेश पासवान एवं विशिष्ट अतिथि के तौर पर उत्तर प्रदेश सरकार की महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार राज्य मंत्री श्रीमती प्रतिभा शुक्ला मौजूद रहीं। इसके अतिरिक्त मंच पर कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल, इलाहाबाद उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) श्री रंगनाथ पाण्डेय, डॉ. शकुन्तला मिश्रा पुनर्वास विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ लॉ की संकायाध्यक्ष प्रो. शेफाली यादव, कार्यक्रम समन्वयक एवं विधि विभाग, बीबीएयू की विभागाध्यक्ष प्रो. सुदर्शन वर्मा एवं प्रो. अनीस अहमद उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं बाबासाहेब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुई। विश्वविद्यालय कुलगीत गायन के पश्चात आयोजन समिति की ओर से मंचासीन अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट करके उनका स्वागत किया गया। सर्वप्रथम कार्यक्रम संयोजक प्रो. सुदर्शन वर्मा ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों का स्वागत किया एवं सभी को कार्यक्रम के उद्देश्य एवं रुपरेखा से अवगत कराया। इसके पश्चात डॉ. खुशनुमा बानो ने सभी के समक्ष कार्यक्रम की रिपोर्ट को प्रस्तुत किया।
भारत सरकार के राज्य मंत्री श्री कमलेश पासवान ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संविधान के निर्माण की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, स्वतंत्रता संग्राम के संघर्षों और संविधान निर्माताओं के योगदान को समझना प्रत्येक नागरिक, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि संविधान के निर्माण से पूर्व डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने विभिन्न देशों के संविधानों का गहन अध्ययन किया और अपने ज्ञान एवं अनुभव के आधार पर संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राज्यमंत्री श्री पासवान जी ने बाबासाहेब के सामाजिक संघर्षों, उनके विचारों और योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि नई पीढ़ी को उनके जीवन से जुड़े ऐतिहासिक तथ्यों और परिस्थितियों का अध्ययन करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित न रहें, बल्कि देश के इतिहास, स्वतंत्रता आंदोलन और संविधान निर्माण की प्रक्रिया को भी गहराई से समझें, ताकि संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता और सम्मान विकसित हो सके।
विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने अपने संबोधन में कहा कि विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने के लिए आर्थिक, सामाजिक एवं तकनीकी विकास के साथ-साथ संवैधानिक मूल्यों को आत्मसात करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान की प्रस्तावना ‘हम भारत के लोग’ के संकल्प के साथ भारत को एक संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष एवं लोकतांत्रिक गणराज्य बनाने की परिकल्पना करती है, जिसमें प्रत्येक नागरिक को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता सुनिश्चित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रो. मित्तल ने बताया कि संविधान आर्थिक विकास के साथ संसाधनों के न्यायसंगत वितरण, आर्थिक असमानताओं को कम करने तथा लघु एवं कुटीर उद्योगों को प्रोत्साहन देने पर भी बल देता है। इस दिशा में राज्य के नीति-निदेशक तत्व महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए देश की मानव पूंजी का विकास, प्रत्येक व्यक्ति की प्रतिभा और क्षमता को अवसर प्रदान करना तथा मौलिक अधिकारों के माध्यम से समानता एवं शोषण से मुक्ति सुनिश्चित करना आवश्यक है।
उत्तर प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री श्रीमती प्रतिभा शुक्ला ने अपने विचार रखते हुए कहा कि भारतीय संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकार देश के विकास को नई दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि संविधान के मूल्यों को धरातल पर उतारने के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। समाज में जाति, वर्ग और अन्य भेदभावों से ऊपर उठकर आपसी समन्वय, इंसानियत और मानवता के रिश्तों को मजबूत करना चाहिए। राज्यमंत्री जी ने बताया कि न्याय व्यवस्था में वकील, न्यायाधीश और आम नागरिक के बीच विश्वास एवं मानवीय संवेदनशीलता का होना आवश्यक है, जिससे न्यायसंगत निर्णय सुनिश्चित किए जा सकें और संवैधानिक नियमों का पालन हो। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने अध्ययन के प्रति गंभीर रहें, एक अच्छे वकील बनने के साथ-साथ शिक्षित और संस्कारवान नागरिक भी बनें तथा जीवन में अपने नैतिक मूल्यों को सदैव बनाए रखें।
इलाहाबाद उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) श्री रंगनाथ पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि एक स्वस्थ लोकतंत्र की स्थापना के लिए स्वतंत्रता, विधि का शासन, पारदर्शिता और जवाबदेही अत्यंत आवश्यक हैं। जब तक लोकतांत्रिक व्यवस्था में पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व सुनिश्चित नहीं होगा, तब तक सशक्त प्रजातंत्र की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत निरंतर प्रगति कर रहा है और वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने इस बात पर भी बल दिया कि उपलब्धियों के साथ-साथ हमें अपनी कमियों और चुनौतियों का भी आत्ममूल्यांकन करना चाहिए। न्यायपालिका की स्वतंत्रता पर विचार व्यक्त करते हुए न्यायमूर्ति जी ने कहा कि न तो संसद सर्वोच्च है और न ही सर्वोच्च न्यायालय, बल्कि भारतीय संविधान सर्वोच्च है। अंत में उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक सफलता के लिए संवैधानिक मूल्यों के साथ नैतिकता को भी आत्मसात करना आवश्यक है।
डॉ. शकुन्तला मिश्रा पुनर्वास विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ लॉ की संकायाध्यक्ष ने कहा कि 26 नवंबर का दिन भारतीय लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों की स्थापना की दृष्टि से ऐतिहासिक महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि बाबासाहेब का मानना था कि संविधान में निहित लोकतांत्रिक व्यवस्था के माध्यम से लोगों के सामाजिक एवं आर्थिक जीवन में क्रांतिकारी परिवर्तन लाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि हमें वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करना है, तो समावेशी विकास सुनिश्चित करना अनिवार्य है। समावेशी विकास का तात्पर्य समाज के गरीबों, युवाओं, महिलाओं और किसानों सहित सभी वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि विकसित भारत के लक्ष्य के अंतर्गत 35 - 40 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की आकांक्षा के साथ आर्थिक दक्षता और समानता के बीच संतुलन स्थापित करना भी आवश्यक है। क्योंकि विकास का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब समाज के सबसे वंचित और पिछड़े व्यक्ति तक भी विकास का लाभ पहुंचे। इसीलिए आर्थिक दक्षता के साथ सामाजिक समानता और समावेशिता को सुनिश्चित करना ही विकसित भारत के निर्माण का आधार होना चाहिए।
कार्यक्रम समन्वयक एवं विधि विभाग, बीबीएयू की विभागाध्यक्ष प्रो. सुदर्शन वर्मा ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का स्वागत किया। उन्होंने भारतीय संविधान में मौलिक अधिकारों, अनुच्छेद 32 के अंतर्गत संवैधानिक उपचारों के अधिकार, राज्य के नीति निदेशक तत्वों एवं मौलिक कर्तव्यों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि केवल अधिकारों का होना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके संरक्षण एवं उल्लंघन की स्थिति में न्यायिक उपचार की व्यवस्था भी आवश्यक है। उन्होंने डॉ. भीमराव अम्बेडकर के विचारों का उल्लेख करते हुए अधिकारों और कर्तव्यों को एक-दूसरे का पूरक बताया तथा इनके संतुलन को संवैधानिक व्यवस्था के लिए आवश्यक बताया।
इस अवसर पर विधि सलाहकार बंधु एवं उपभोक्ता साक्षरता क्लब के बारे में भी बताया गया। साथ ही अतिथियों द्वारा पोस्टर मेकिंग, स्लोगन राइटिंग एवं क्विज प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। क्विज प्रतियोगिता में हिमांशु पांडेय ने प्रथम, मुस्कान कुमारी ने द्वितीय, आदित्य कुशवाहा ने तृतीय एवं प्रद्युम्न दास ने सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किया। स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता में अस्मिता भारती ने प्रथम, प्राची गौतम ने द्वितीय, वैभव आनंद ने तृतीय एवं पल्लवी भारद्वाज ने सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किया। वहीं, पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में प्राची गौतम ने प्रथम, ऐशानी दत्ता ने द्वितीय, दीशिता युगल ने तृतीय एवं रिंगू ताबिल ने सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किया।
अंत में आयोजन समिति की ओर से अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट करके उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया। अंत में प्रो. अनीस अहमद ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
समस्त कार्यक्रम के दौरान विभिन्न संकायों के संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण, गैर शिक्षण कर्मचारी, शोधार्थी एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।