अर्थशास्त्र विभाग में श्वेत क्रांति एवं मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत कार्यक्रमों का आयोजन
ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ के अर्थशास्त्र विभाग में आज दिनांक 26 नवंबर 2026 को श्वेत क्रांति एवं मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत दो महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के प्रथम चरण में श्वेत क्रांति के महत्व एवं भारतीय अर्थव्यवस्था में इसके योगदान पर चर्चा की गई। इस अवसर पर श्वेत क्रांति के जनक डॉ. वर्गीज कुरियन के जीवन, व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए विषय प्रभारी डॉ. राहुल कुमार मिश्रा ने उनके उल्लेखनीय योगदान के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि डॉ. वर्गीज कुरियन के दूरदर्शी नेतृत्व एवं अथक प्रयासों ने भारत को दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। श्वेत क्रांति ने न केवल देश में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा दिया, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने, दुग्ध उत्पादकों की आर्थिक स्थिति में सुधार लाने तथा सहकारी आंदोलन को मजबूती प्रदान करने में भी अहम योगदान दिया।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें डॉ. उधम सिंह ने मतदान के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए इसे प्रत्येक नागरिक का महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक अधिकार एवं जिम्मेदारी बताया। वहीं विभागाध्यक्ष डॉ. राहुल कुमार मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए लोकतंत्र की मजबूती में मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी, निष्पक्ष मतदान एवं निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वयं जागरूक मतदाता बनने तथा समाज के अन्य लोगों को भी मतदान के प्रति प्रेरित करने का संदेश दिया।
दोनों कार्यक्रमों में विभाग के शिक्षक डॉ. मिन्हाज हुसैन, डॉ. रघुनंदन सिंह एवं आयशा अमन की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही विभाग के विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों ने दोनों कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा विषयों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. उधम सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी उपस्थित शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को एक ओर देश की आर्थिक एवं सामाजिक प्रगति में श्वेत क्रांति के योगदान से परिचित कराया गया, वहीं दूसरी ओर लोकतांत्रिक मूल्यों एवं जिम्मेदार नागरिकता के प्रति जागरूक होने का संदेश दिया गया।