बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में वीरांगना झलकारी बाई की जयंती पर दी गई श्रद्धांजलि
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी के महिला अध्ययन केंद्र द्वारा रविवार को वीरांगना झलकारी बाई की जयंती पर विश्वविद्यालय परिसर स्थित झलकारी बाई पार्क में माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्राओं ने वीरांगना झलकारी बाई को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके साहस, वीरता और देशभक्ति को नमन किया।
कार्यक्रम में महिला अध्ययन केंद्र की समन्वयक डॉ. अचला पाण्डेय ने कहा कि वीरांगना झलकारी बाई का जीवन अदम्य साहस, त्याग और नारी शक्ति का प्रतीक है। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए संघर्ष करते हुए जिस वीरता और समर्पण का परिचय दिया, वह आज भी महिलाओं और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने छात्राओं से झलकारी बाई के जीवन से प्रेरणा लेकर आत्मविश्वास और साहस के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
डॉ. दीप्ति सिंह ने कहा कि 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में वीरांगना झलकारी बाई का योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने रानी लक्ष्मीबाई के साथ अंग्रेजों के विरुद्ध संघर्ष में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बुंदेलखंड की धरती ऐसी वीरांगनाओं के त्याग और बलिदान की साक्षी रही है। युवा पीढ़ी को उनके इतिहास और योगदान से परिचित कराना आवश्यक है।
इस अवसर पर कुलानुशासक डॉ. विनीत कुमार, डॉ राघवेन्द्र दीक्षित, डॉ. संतोष पाण्डेय, डॉ. दीप्ति सिंह, डॉ. सुमिरन श्रीवास्तव, डॉ. स्मृति त्रिपाठी, डॉ. मीनाक्षी सिंह एवं भूपेंद्र मिश्रा ने भी वीरांगना झलकारी बाई के जीवन, संघर्ष और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि झलकारी बाई का व्यक्तित्व महिला सशक्तीकरण, देशप्रेम और सामाजिक चेतना की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में तनिष्क, गरिमा, लवली, संजना, आरती, खुशी, वैष्णवी, नेहा, दीक्षा, पूजा सहित बड़ी संख्या में छात्राओं ने उपस्थित होकर वीरांगना झलकारी बाई को पुष्पांजलि अर्पित की।