बीबीएयू में ‘पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन’ विषय पर पांच दिवसीय प्रबंधन विकास कार्यक्रम का होगा आयोजन
बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय के प्रबंधन अध्ययन विभाग की ओर से दिनांक 25- 30 नवंबर तक ‘पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन’ (Tourism and Travel Management) विषय पर पांच दिवसीय प्रबंधन विकास कार्यक्रम (Management Development Programme – MDP) का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार के एमएसएमई-विकास एवं सुविधा कार्यालय, कानपुर के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल के संरक्षण एवं प्रबंधन अध्ययन विभाग की विभागाध्यक्ष तथा एमडीपी की संयोजक प्रो. तरुणा के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्टार्टअप्स एवं भावी उद्यमियों की क्षमता का विकास करना तथा उन्हें पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन के क्षेत्र में उपलब्ध उद्यमिता के अवसरों से परिचित कराना है।
पांच दिवसीय कार्यक्रम के अंतर्गत पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं, उद्यमिता के अवसरों, व्यवसाय नियोजन, टूर एवं ट्रैवल संचालन, डिजिटल मार्केटिंग, ग्राहक संबंध प्रबंधन, आतिथ्य सेवाओं तथा पर्यटन उद्योग में उभरते अवसरों से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा जानकारी प्रदान की जाएगी। इसके माध्यम से प्रतिभागियों को पर्यटन क्षेत्र में स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापित करने के लिए आवश्यक व्यावहारिक ज्ञान और प्रबंधन कौशल विकसित करने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागियों को पर्यटन एवं यात्रा उद्योग की संभावनाओं, व्यवसाय संचालन की प्रक्रियाओं तथा आधुनिक प्रबंधन तकनीकों से अवगत कराया जाएगा। यह पहल युवाओं एवं भावी उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ पर्यटन क्षेत्र में नए व्यवसायों और रोजगार के अवसरों को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।