आजमगढ़:शिबली नेशनल कॉलेज के राजनीति विज्ञान विभाग की ओर से गुरुवार को बी.ए. पंचम सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायक 'छात्र संसद' (मॉक पार्लियामेंट) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को भारतीय संसदीय व्यवस्था और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की व्यावहारिक समझ देना था।सदन की कार्यवाही का जीवंत संचालन स्पीकर प्रिया यादव ने निष्पक्षता और अनुशासन के साथ किया। इस मॉक पार्लियामेंट में छात्र-छात्राओं ने सत्ता पक्ष और विपक्ष की भूमिका निभाकर सदन में अपनी बौद्धिक क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

सत्ता पक्ष की कमान संभालते हुए प्रधानमंत्री अभिजीत यादव, गृह मंत्री दिव्या सिंह, वित्त मंत्री रीमा यादव, रक्षा मंत्री नीरज मौर्य, शिक्षा मंत्री विभा राय, विदेश मंत्री अरीज़ा खान, जल शक्ति मंत्री रेहान अहमद, रेल मंत्री मानसी मौर्य, और कृषि मंत्री प्रज्ञा पांडेय सहित अन्य विद्यार्थियों ने अपने-अपने विभागों के एजेंडे रखे।

दूसरी ओर, विपक्ष ने भी तीखे तेवर दिखाए। नेता प्रतिपक्ष श्री स्वरूप त्रिपाठी के नेतृत्व में आकांक्षा यादव, प्रतीक्षा सरोज, शबाना बानो और मुस्कान अग्रवाल समेत विपक्षी सदस्यों ने जनहित के विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरा और तीखे सवाल किए।कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तरकाल और विभिन्न ज्वलंत विषयों पर हुआ सार्थक विचार-विमर्श आकर्षण का केंद्र रहा। विद्यार्थियों का आत्मविश्वास और तार्किक शैली देखने लायक थी।

राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. शफीउज़्ज़माँ ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व, संवाद और तार्किक चिंतन की क्षमता विकसित करते हैं। चीफ़ प्रॉक्टर डॉ. एहतेशामुल हक़ और महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अफसर अली ने भी विद्यार्थियों के अनुशासन और प्रस्तुति की भरपूर सराहना की।

इस शैक्षणिक पहल ने विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर संवैधानिक मूल्यों, संसदीय मर्यादाओं और जिम्मेदार नागरिकता का व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया।