आजमगढ़। महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय में मंगलवार को संकल्प अभियान के अंतर्गत विशेष स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रातः 8 बजे शुरू हुए इस अभियान का उद्देश्य विश्वविद्यालय परिसर एवं आसपास के स्थलों को स्वच्छ बनाने के साथ विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना था।कार्यक्रम का संयोजन डॉ. सचिन राय एवं डॉ. शशि प्रकाश शुक्ला द्वारा किया गया। कार्यक्रम संयोजक डॉ. देवेंद्र कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने मंदिर प्रांगण, चंदन वाटिका तथा दत्तात्रेय सरोवर में विशेष सफाई की। स्वयंसेवकों ने परिसर में फैले कचरे को एकत्र कर निर्धारित स्थान पर निस्तारित किया।

कार्यक्रम के अवसर पर विश्वविद्यालय के  कुलपति प्रो. संजीव कुमार जी ने कहा कि "स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हमारे जीवन का मूल मंत्र होना चाहिए। यदि हम अपने परिसर, अपने घर और अपने आसपास को स्वच्छ रखेंगे, तभी हम स्वस्थ भारत और स्वच्छ भारत के संकल्प को साकार कर सकेंगे। विद्यार्थी समाज के निर्माता हैं। उनसे अपेक्षा है कि वे स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं और समाज में भी इसके प्रति जागरूकता फैलाएं।"

कुलपति  ने एनएस के स्वयंसेवकों की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के अभियान विश्वविद्यालय को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण-अनुकूल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।स्वच्छता अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने संकल्प लिया कि वे स्वच्छता को केवल एक दिन का कार्यक्रम न मानकर इसे अपनी आदत में शामिल करेंगे। कार्यक्रम में एनएस के सभी स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर स्वच्छ, सुंदर एवं हरित विश्वविद्यालय परिसर बनाने का संकल्प दोहराया।